
भिण्ड । श्रावण मास के पावन अवसर पर भिण्ड शहर के समीप स्थित प्राचीन श्री बोरेश्वर महादेव मंदिर परिसर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सप्तम श्रावण महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अंतर्गत सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन 13 अगस्त से 19 अगस्त तक होगा।
कथा प्रवक्ता आचार्य प्रशांत तिवारी जी ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 13 अगस्त को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसके पश्चात प्रतिदिन श्रद्धालुओं द्वारा असंख्य पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कराया जाएगा तथा भक्तों की श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए नित्य रुद्राभिषेक भी संपन्न होगा। प्रतिदिन श्री शिव महापुराण कथा का वाचन आचार्य प्रशांत तिवारी जी द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन संत-महापुरुषों का सान्निध्य एवं सत्संग भी प्राप्त होगा। रुद्राभिषेक के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार तथा कथा के पश्चात प्रतिदिन भंडारे की सुंदर व्यवस्था रहेगी।
महोत्सव का आयोजन श्री सुरेश भारद्वाज (ग्राम ककहरा) एवं समस्त बोरेश्वर प्रेमी भक्तों के सहयोग और देखरेख में हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार इस धार्मिक महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य धर्म, संस्कृति, जनकल्याण एवं गौरक्षा के प्रति जनजागरण करना है। समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान शिव की आराधना एवं कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।
महोत्सव का समापन 19 अगस्त को पूर्णाहुति, महाआरती एवं भंडारा प्रसाद के साथ किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ