स्वास्थ्य मंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का दिया आश्वासन
भोपाल । भिण्ड जिले की शासकीय स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार,जिला चिकित्सालय एवं ब्लॉक/ग्रामीण स्तर पर रिक्त चिकित्सा एवं नर्सिंग पदों को भरने तथा आधुनिक जांच एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष रामशेष बघेल ने भोपाल में उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल को एक ज्ञापन पत्र सौंपकर विस्तृत चर्चा की।
ग्रामीण कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल द्वारा पत्र में कहा गया कि भिण्ड जिले की बड़ी आबादी को गंभीर एवं विशेषज्ञ उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है तथा आपात स्थिति में समय की चुनौती भी सामने आती है।
ज्ञापन में 01 जुलाई 2026 की उपलब्ध पदस्थिति का उल्लेख करते हुए बताया गया कि जिला चिकित्सालय भिण्ड में विशेषज्ञ चिकित्सकों के 43 स्वीकृत पदों में 23 कार्यरत और 20 रिक्त,चिकित्सा अधिकारियों के 30 पदों में 10 कार्यरत और 20 रिक्त तथा नर्सिंग स्टाफ के 175 स्वीकृत पदों में 122 कार्यरत और 53 पद रिक्त बताए गए हैं।
बघेल ने जिला चिकित्सालय में एमआरआई,सीटी स्कैन, आधुनिक एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड,ईसीजी एवं आधुनिक पैथोलॉजी जांच की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ आईसीयू,वेंटिलेटर, ऑक्सीजन एवं आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने तथा हृदय,गुर्दा,न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी,शिशु ,स्त्री एवं प्रसूति,सर्जरी,एनेस्थीसिया और रेडियोलॉजी जैसी आवश्यक विशेषज्ञ सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
ज्ञापन द्वारा अस्पताल में आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता,जांच रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने,रेफरल व्यवस्था की नियमित समीक्षा तथा सीएचसी,पीएचसी एवं अन्य ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टर,नर्सिंग स्टाफ,दवाएं, जांच सुविधाएं और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
उन्होंने कहा कि भिण्ड की जनता को आवश्यक उपचार के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर रहने की स्थिति कम होनी चाहिए। जिला चिकित्सालय सहित ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों को पर्याप्त चिकित्सक, विशेषज्ञ,दवाएं,जांच सुविधाएं और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना जनहित का महत्वपूर्ण विषय है।
बघेल ने बताया कि मंत्री राजेन्द्र शुक्ल के समक्ष भिण्ड की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई । स्वास्थ्य मंत्री ने प्रस्तुत मांगों पर शीघ्र कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि यदि जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) द्वारा व्यापक जनांदोलन किया जाएगा। ऐसी स्थिति में उत्पन्न परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

0 टिप्पणियाँ