थाना गोहद पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतदो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 02 अगस्त 2026 को ग्राम खितौली, थाना गोहद निवासी शहीद खान ने अपने भाई शब्बीर खान की गोली मारकर हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना गोहद में अपराध क्रमांक 165/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल तथा एसडीओपी श्री महेन्द्र कुमार गौतम के निर्देशन एवं थाना प्रभारी गोहद के नेतृत्व में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि हत्या के आरोपी ग्राम बछराई में छिपे हुए हैं तथा फरार होने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम बछराई में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर की रायफल, एक 12 बोर का खाली खोखा तथा एक डंडा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गोहद निरीक्षक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, उपनिरीक्षक रवि तोमर सहित थाना गोहद के पुलिस बल की उल्लेखनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की तत्परता एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहना की।

0 टिप्पणियाँ